Loading...

पत्नी ने अपने पति की आँखों में लाल मिर्ची पाउडर डालकर लगा दी आग, पीजीआई रेफर

PARUL • 18 Sep 2023 • 1 Min Read

HNN/शिमला

राजधानी शिमला से एक ऐसा मामला सामने आया है जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की आँखों में लाल मिर्च पाउडर डाला और उसे चारपाई से बांधकर आग लगा दी। पीड़ित की पहचान 20 वर्षीय आकाश पुत्र भीम बहादुर, गंगादेव गांव पालिका, जिला रोलपा, नेपाल के रूप में हुई है। पीड़ित आकाश आग में बुरी तरह झुलस गया। जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी से पीजीआई रेफर कर दिया है। वहीं पुलिस ने आकाश की पत्नी के खिलाफ हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, दो महीने पहले ही आकाश की शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी के चलते शनिवार को देर रात आकाश का उसकी पत्नी के साथ झगड़ा हो गया। जिस दौरान उसकी पत्नी ने उसकी आँखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर उसे चारपाई से बांध दिया और आग लगाकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और मौके से भाग गई।

जब आकाश के चिल्लाने की आवाज आई तो स्थानीय लोगों ने दरवाजा खोला और उसे आग में झुलसता देखा। जिसके बाद उसे उपचार के लिए आईजीएमसी ले जाया गया। वहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। तो वहीं सुचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना का जायजा लिया।

पुलिस की टीम ने घटनास्थल से ज्वलनशील पदार्थ बरामद किए हैं। इसके अलावा फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी नवदीप सिंह द्वारा मामले की पुष्टि की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।