पत्नी ने घरेलू विवाद के चलते पुलिस में की शिकायत, पति ने लगाई पुल से छलांग
HNN/काँगड़ा
जिला काँगड़ा में पुलिस थाना पालमपुर के पास बाईपास पुल से एक शादीशुदा व्यक्ति ने छलांग लगा दी। जिससे कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
मिली जानकारी के अनुसार, बीते कल सुबह उसकी पत्नी मोबाइल पर बात कर रही थी कि उसने पत्नी से फोन छीन लिया था। जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई और उसने पत्नी के साथ मारपीट भी की थी। जिसके बाद पत्नी ने पालमपुर थाना में शिकायत कर दी। जब उसके पति को पता चला कि उसकी पत्नी थाने गई है तो वह भी थाने में पहुंच गया। पुलिस अभी पत्नी के बयान लिख रही थी कि महिला का पति पानी पीने के बहाने थाने के बाहर चला आया।
इसी दौरान उसने थाने के साथ लगते बाईपास पुल से छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उसे नीचे से उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अभी घायल व्यक्ति के बयान भी दर्ज करेगी।