Loading...

परवाणू में युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया, वीडियो वायरल , पुलिस ने दर्ज किया केस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 9 Jan 2026 Edited 9 Jan Quick read

परवाणू में हुई मारपीट की घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई है। गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।

सोलन

वीडियो वायरल होने से सामने आया मामला
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की घटना सामने आई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

साथी की शिकायत पर दर्ज हुआ अभियोग
पुलिस के अनुसार परवाणू निवासी पंकु ने अपने साथी ईशान के साथ हुई मारपीट को लेकर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि दोनों कालका से परवाणू तक सवारियां छोड़ने के बाद कसौली चौक के समीप रुके थे, इसी दौरान अचानक पांच युवकों ने ईशान पर हमला कर दिया।

लोहे की पाइप से हमला, युवक गंभीर
आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की पाइप और अन्य हथियारों से ईशान पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे परवाणू के ईएसआई अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया।

पुलिस जांच जारी, आरोपी फरार
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसपी सोलन ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।