पशु चराने गई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर गीदड़ ने किया हमला, घायल
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में ज्वालामुखी के साथ लगती पंचायत सिहोरपाई में गीदड़ ने 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई है। घायल की पहचान 72 वर्षीय चंचला देवी निवासी सिहोरपाई के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सिहोरपाई पंचायत के उपप्रधान सोनी कुमार की माता चंचला देवी पशुओं को चराने के लिए जंगल की तरफ गई थी। इसी बीच गीदड़ ने हमला कर दिया। गीदड़ ने महिला के शरीर में कई जगह पर काट खाया और उन्हें लहूलुहान कर दिया।
महिला का शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने लाठी-डंडे से गीदड़ को मार डाला और बुजुर्ग महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। सिहोरपाई पंचायत की प्रधान बबली देवी और उप प्रधान सोनी कुमार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।