पहली से आठवीं कक्षा तक सभी बच्चों को वर्दी के लिए मिलेगी 600 रुपए की राशि- सीएम सुक्खू
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए एक बड़ी घोषणा की है। बता दें सुक्खू सरकार ने आज सोमवार को पहली से आठवीं कक्षा तक के सभी छात्र-छात्राओं को निशुल्क स्कूल वर्दी के लिए 600 की राशि प्रदान करने की घोषणा की है। यह जानकारी आज सोमवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने दी।
उन्होंने बताया कि इस निर्णय से प्रदेश में लगभग 5.25 लाख स्कूली बच्चे लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सदैव तत्पर है और उन्हें लाभान्वित करने के लिए विभिन्न कदम उठाए जा रहे हैं।
सीएम सुक्खू ने कहा कि वर्दी की यह राशि विद्यार्थी अथवा उनकी माता के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से अंतरित की जाएगी। विद्यार्थियों के माता-पिता का आर्थिक बोझ कम करने के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से राशि सीधे लाभार्थी को भेजने से इसमें पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
