पहले पत्नी को उतारा मौत के घाट, फिर फंदा लगाकर कर ली आत्महत्या
HNN/सोलन
जिला सोलन के उपमंडल कसौली में हैरान कर देने वाली एक वारदात पेश आई है। यहां पहले एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मौत के घाट उतारा और उसके बाद आत्महत्या कर ली। मृतकों की पहचान तारा सिंह (50) और विनीता (20) निवासी उत्तराखंड के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों यहां किसी व्यक्ति के खेतों में काम करने के लिए आए थे।
इस दौरान बीती रात तारा सिंह ने किसी बात पर अपनी पत्नी विनीता को पहले डंडे से पीटकर मौत के घाट उतारा और उसके बाद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वारदात की खबर लगते ही कोटबेजा पंचायत के उपप्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी कि गांव में एक व्यक्ति ने फंदा लगाया है, साथ ही एक महिला का शव भी मृत अवस्था में पड़ा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसपी सोलन गौरव द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।