Loading...

पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार, होटलों में डिस्काउंट…

SAPNA THAKUR 22 Jan 2023 Edited 22 Jan 1 min read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी के बाद पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलजार हो गए हैं। शनिवार के बाद रविवार को भी प्रदेश के तमाम पर्यटन स्थलों में सैलानियों की खासी भीड़ उमड़ी तथा पर्यटकों ने बर्फ के बीच जमकर मस्ती की। इस दौरान सैलानियों ने बर्फ से ढके ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों को कैमरे में कैद किया।

हालांकि ताजा बर्फबारी के बाद सड़कों पर फिसलन भी बढ़ गई है जिससे दुर्घटना का खतरा भी लगातार बरकरार है। वहीं आगामी दिनों के दौरान मौसम के भी खराब बना रहने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन ने प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को सावधानी पूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी है।

एचपीटीडीसी के होटल में डिस्काउंट
हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी के बाद देश के कोने-कोने से आए पर्यटक शिमला सहित नगरी मनाली और अन्य पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। बर्फबारी से प्रदेश में सैलानियों की आवाजाही बढ़ गई है जिसको देखते हुए एचपीटीडीसी ने होटलों में डिस्काउंट देने का फैसला कर लिया है।

एचपीटीडीसी ने अपने सभी 55 होटलों में 40 प्रतिशत डिस्काउंट दिया है, जो 31 मार्च तक मिलेगा। वही होटलों में मिल रही 40 प्रतिशत छूट के बाद बुकिंग प्रक्रिया में भी तेजी देखने को मिली है।