Loading...

पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से पर्यटन कारोबार को मिली संजीवनी, एडवांस बुकिंग शुरू…

SAPNA THAKUR • 18 Nov 2022 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

कुछ दिनों पहले पहाड़ों पर हुई भारी बर्फबारी के बाद से हिमाचल प्रदेश के पर्यटन कारोबार को संजीवनी मिली है। बर्फबारी की चाह में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से सैलानी हिमाचल प्रदेश का रुख कर रहे हैं। होटलों में इन दिनों अच्छी खासी ऑक्युपेंसी चली हुई है जिससे प्रदेश का पर्यटन कारोबार भी रफ्तार पकड़ रहा है। नवंबर माह में पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के कारण विंटर सीजन शुरू हो चुका है।

खास तौर पर कुल्लू, मनाली, डलहौजी और नारकंडा में हुए ताजा हिमपात के बाद यहां वीकेंड ही नहीं बल्कि अन्य दिनों में भी सैलानियों का तांता लगा हुआ है। पर्यटन स्थलों के होटलों में 15 दिसंबर से 5 जनवरी के लिए अभी से एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। इतना ही नहीं वीकेंड के लिए सैलानियों ने शिमला के होटलों में अभी से कमरों की एडवांस बुकिंग करनी शुरू कर दी है।

शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा के होटल और होम स्टे में भी कमरों की एडवांस बुकिंग चल रही है। उधर, शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि सैलानियों की संख्या में इजाफा हो रहा है और होटलों के कमरों की एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है।