पांच मंजिला इमारत से कूदकर युवक ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
HNN/ शिमला
राजधानी शिमला में एक युवक ने आत्महत्या कर मौत को गले से लगाया है। हालांकि युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। मृतक की पहचान रमन ऊर्फ सन्नी निवासी बालूगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, रमन ऊर्फ की पत्नी कुछ दिनों के लिए अपने मायके गई हुई थी और उसके माता-पिता भी कुछ काम से जालंधर गए हुए थे। रमन ने अचानक ही अपने घर की 5 मंजिला इमारत से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। बता दें रमन ऊर्फ ने इस घटना को तब अंजाम दिया जब वह घर में अकेला था।
जब स्थानीय लोगों ने उसे नीचे गिरा हुआ देखा तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि एएसपी सुनील नेगी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।