पांवटा में अवैध खनन करते पकड़े 9 ट्रैक्टर, वसूला जुर्माना
HNN/ पांवटा
उपमंडल पांवटा साहिब में पुलिस ने इन दिनों अवैध खनन और नशे का कारोबार करने वाले माफियाओं के खिलाफ शिकंजा कसा हुआ है। इसी कड़ी में पुलिस ने अवैध खनन करते 9 ट्रैक्टरों को पकड़ा और उनसे हजारों रुपए का जुर्माना भी वसूल किया। विभाग द्वारा की गई इस कार्यवाही के तहत खनन माफियाओं में भी हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी अनुसार, पुरुवाला थाने के थाना प्रभारी व उनकी पुलिस टीम ने पुरुवाला के तहत बांगरण ब्रिज के नीचे गिरी नदी में दबिश दी। इस दौरान यहाँ नौ ट्रैक्टर बिना एम-फार्म के अवैध खनन करते हुए नजर आए। लिहाजा टीम ने कार्यवाही करते हुए ट्रैक्टर के संचालकों को पकड़ा और उनसे 80 हजार रुपए जुर्माना वसूला।
उधर, डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने बताया कि अवैध खनन करते 9 ट्रैक्टर पकडे है जिनसे जुर्माना वसूला गया है। बताया कि खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर अवैध खनन, शराब माफियाओं और नशा तस्करों के खिलाफ कार्यवाही कर रही है।