पांवटा में बाइक ने महिला को मारी टक्कर, मौत
HNN/पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बाइक ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई है।
मृतका की पहचान किरण देवी (50) पत्नी संतोष दुबे निवासी लखीमपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, किरण देवी रामपुर घाट स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।
वह कंपनी की तरफ जा रही थी कि सड़क पार करते समय एक बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा ले जाया गया। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लिया। साथ ही बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी अदिति सिंह द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।