पांवटा में 43, कालाअंब में 41 व नाहन का तापमान पहुंचा 40 डिग्री के पार
सिरमौर में तेज गर्मी और धूप से लोगों का हाल बेहाल, सड़कें हो रही वीरान
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर में पिछले एक सप्ताह से सूरज के तल्खी तेवर से गर्मी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। तेज धूप और गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। लू के थपेड़े जनजीवन को झुलसा रहे हैं। अभी जून आया भी नहीं, मगर अभी से भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है।
जिला के सभी शहरों और कस्बों में दोपहर के समय बाजारों और व्यस्त रहने वाली सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा है। लोग घरों में दुबकने पर मजबूर हैं। गर्मी से लोगों के कंठ सूख रहे हैं। हर कोई बेहाल दिखाई दे रहा है। इस भीषण गर्मी में दोपहर के समय गर्म लू के थपेड़ों से लोगों का हाल बेहाल हो रहा है।
वहीं पांवटा साहिब, नाहन और कालाअंब के बाजार सुनसान दिखाई दे रहे हैं। सिरमौर जिला के पांवटा साहिब में तापमान 43, नाहन में 40 और कालाअंब क्षेत्र में 41 डिग्री तक पहुंच गया है। वही जिला बारिश ना होने के कारण जहां मक्की आदि फसलों की बिजाई का कार्य प्रभावित हो रहा है, वहीं नकदी फसलें टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च व अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
जिला में गर्मी से हर कोई बेहाल है। हर कोई शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेने पर मजबूर हैं। शहर के मार्गों बाजारों के साथ-साथ बस अड्डा पर भी यात्रियों की संख्या में कमी आती नजर रही है। वहीं गर्मी की असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई दे रहा है। मेडिकल कॉलेज नाहन और अन्य बड़े अस्पतालों में बुखार, डिहाई ड्रैशन के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
उधर, जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने लोगों से गर्मी के इस मौसम में खास एहतियात बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग पानी अधिक पिएं। नीबू पानी और जूस आदि का प्रयोग करें। बासी खाना खाने से बचे। खुले में रखे गए खाद्य पदार्थों का सेवन न करें। उल्टी, दस्त व बुखार की स्थिति में चैकअप करवाएं, धूप में न निकलें। बहुत जरूरी है, तो छाता लेकर व सन ग्लासिज का प्रयोग करें।