पांव फिसलने से ढांक में गिरा व्यक्ति, मौके पर गई जान
HNN/ चंबा
जिला चंबा में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां एक व्यक्ति ढांक में गिर गया, जिस कारण उसकी मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान किशन (62) पुत्र धर्मा निवासी गांव कुड्डी डाकघर लेसुंई के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है साथ ही सीआरपीसी की धारा 174 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशन अपनी ससुराल की ओर पैदल जा रहा था। इस दौरान जैसे ही वह जसौरगढ़ के समीप पहुंचा तो अचानक उसका पांव फिसला और वह ढांक में जा गिरा। जब वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने किशन को इस हालत में ढांक में देखा तो उसने इसकी सूचना तुरंत उसके परिजनों को दी। जिसके बाद उसके परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुँचाना चाहा, परन्तु तब तक वह दम तोड़ चूका था।
परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। उधर, थाना प्रभारी मनोज कौंडल ने बताया कि ढांक में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जाँच कर रही है।