पाकिस्तान की जेल में भारतीय नागरिक की मौत, इस राज्य का था रहने वाला…..

By Ankita May 4, 2023 1 min read

पाक रेंजर्स ने बीएसएफ को सौंपा शव, अटारी सीमा से लाया गया भारत

HNN/ ऊना

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के रहने वाले एक भारतीय नागरिक की पाकिस्तान की जेल में मौत हो गई। वह लगभग 10 साल पहले अचानक घर से गायब हो गया था। बुधवार को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान से उसका शव भारत लाया गया। पाक रेंजर्स ने जीरो लाइन पर शव को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के हवाले किया।

ऊना (हिमाचल प्रदेश) के नायब तहसीलदार राजन शर्मा और मृतक का भाई चिरंजी लाल और नगर पंचायत के चेयरमैन प्रकाश चंद शव लेने सुबह ही एंबुलेंस से पहुंचे थे। कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद परिवारिक सदस्य शव लेकर हिमाचल प्रदेश के लिए रवाना हो गए।

टाहलीवाल नगर पंचायत के वाइस चेयरमैन गुरनाम सिंह ने बताया कि करीब 9-10 साल पहले विपिन कुमार पुत्र गुरदास राम अचानक घर से गायब हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस में इसकी रिपोर्ट भी दर्ज करवाई।

एक माह पहले इंटेलिजेंस ने परिवार को सूचना दी कि विपिन पाकिस्तान की जेल में बंद है और अब दो अप्रैल को सूचना दी गई कि उसकी जेल में मौत हो गई है। वहीं जेसीपी अटारी पर तैनात पंजाब पुलिस के प्रोटॉकाल अधिकारी अरुण माहल ने बताया कि आज भारतीय नागरिक का शव भारत लाया गया है।

पाकिस्तान में घुसपैठ के आरोप में इन्हें पकड़ा गया था और इनके खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जेल भेज दिया गया था। कुछ समय पहले विपिन की तबीयत खराब हो गई और दो अप्रैल को उपचार के दौरान मौत हो गई थी।