Loading...

पालमपुर के व्यक्ति के साथ हुई लाखों की ठगी, मामला दर्ज

PARUL • 10 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/कांगड़ा

हिमचाल प्रदेश में आए दिन ठगी के कई मामले सामने आ रहे हैं। ताज़ा मामला जिला कांगड़ा के पालमपुर का है। जहां होटल रिव्यू रेटिंग और शेयर ट्रेडिंग में निवेश करवाने के नाम पर शातिरों ने एक व्यक्ति से 16.23 लाख रुपए की ठगी की है। ठगी होने का पता लगते ही पीड़ित ने साइबर थाना धर्मशाला में शिकायत दर्ज करवा दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित व्यक्ति को टेलीग्राम के माध्यम से होटल रिव्यू रेटिंग से कमाई करने का झांसा दिया गया था। शातिर को यह भी पता था कि संबंधित व्यक्ति ट्रेडिंग भी करता है। ऐसे में शातिर ने टेलीग्राम के माध्यम से होटल रिव्यू रेटिंग सहित निवेश करवाने का भी लालच दिया था।

पीड़ित व्यक्ति भी शातिर के झांसे में आ गया और उसने 9 अलग-अलग ट्रांजेक्शनों के माध्यम से शातिरों के खाते में 16 लाख 23 हजार रुपए की राशि डाल दी। जिसके बाद शातिरों ने यह राशि अकेले एक ही अकाउंट नंबर पर नहीं, बल्कि अलग-अलग खातों में डलवाई। जब पीड़ित व्यक्ति को कहीं से भी पैसा नहीं आया तो उसे ठगी का एहसास हुआ।

जिसके बाद उसने साइबर थाना धर्मशाला में अज्ञात शातिरों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। साइबर थाना ने शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। एएसपी साइबर क्राइम प्रवीन धीमान द्वारा मामले की पुष्टि की गई है।