Loading...

पिपलीवाला की शिक्षिका अर्पिता मित्तल को ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’

Shailesh Saini • 1 Hour Ago • 1 Min Read

सम्मान से पांवटा साहिब के शिक्षा जगत और विद्यार्थियों में खुशी व उत्साह की लहर

हिमाचल नाऊ न्यूज पांवटा साहिब

पांवटा साहिब। शिक्षा देने वाले अध्यापक तो बहुत होते हैं, मगर कुछ अध्यापक ऐसे भी होते हैं जो शिक्षा को केवल किताबों और कक्षाओं तक सीमित नहीं रखते, बल्कि अपने ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा देते हैं।

ऐसी ही शिक्षिका के रूप में अपनी अलग पहचान बनाने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पिपलीवाला की प्रवक्ता (अर्थशास्त्र) अर्पिता मित्तल को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इनरव्हील क्लब पांवटा साहिब द्वारा ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।

इस उपलब्धि को लेकर पांवटा साहिब में न केवल शिक्षा जगत, बल्कि विद्यालय के विद्यार्थियों में भी खुशी और उत्साह की लहर है। अर्पिता मित्तल लंबे समय से अपने शिक्षण कार्य के माध्यम से विद्यार्थियों में विषय के प्रति रुचि पैदा करने के साथ-साथ उन्हें बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनका मानना है कि शिक्षक का दायित्व केवल विद्यार्थियों को परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाना भी है।

इनरव्हील क्लब पांवटा साहिब की अध्यक्ष गुरमीत कौर नारंग ने अर्पिता मित्तल को सम्मानित करते हुए कहा कि समाज को ऐसे शिक्षकों पर गर्व होना चाहिए, जो नई पीढ़ी के भविष्य को संवारने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अर्पिता मित्तल विद्यार्थियों के लिए केवल एक शिक्षिका नहीं, बल्कि प्रेरणास्रोत हैं। उनका शिक्षण के प्रति समर्पण और बच्चों के भविष्य को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण अन्य शिक्षकों और समाज के लिए भी एक उदाहरण है।गुरमीत कौर नारंग ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक की पहचान केवल उसके पढ़ाने के तरीके से नहीं होती, बल्कि उससे होती है कि वह अपने विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, संस्कार और आगे बढ़ने की प्रेरणा कितनी मजबूती से पैदा करता है।

अर्पिता मित्तल ने अपने कार्य से इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया है।‘बेस्ट टीचर अवार्ड’ मिलने पर अर्पिता मित्तल ने इनरव्हील क्लब पांवटा साहिब और क्लब की अध्यक्ष गुरमीत कौर नारंग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है तथा इससे उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक मेहनत व समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिली है।

उन्होंने कहा, “मेरे लिए सबसे बड़ी खुशी तब होती है, जब मेरे विद्यार्थी अपने जीवन में आगे बढ़ते हैं और सफलता हासिल करते हैं। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि मेरे विद्यार्थियों, विद्यालय परिवार और उन सभी लोगों का है, जिन्होंने मुझे हमेशा बेहतर करने के लिए प्रेरित किया।”विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और अन्य स्टाफ सदस्यों ने भी अर्पिता मित्तल को इस उपलब्धि पर बधाई दी है।

उनका कहना है कि यह सम्मान विद्यालय परिवार के लिए भी गर्व का विषय है।अर्पिता मित्तल की यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि सच्चा शिक्षक वही होता है, जो विद्यार्थियों को केवल पढ़ाता नहीं, बल्कि उनके सपनों को पहचानकर उन्हें उड़ान भरने का हौसला भी देता है।

Related Topics: