Loading...

पीएम मोदी की जनसभा को लेकर सिरमौर पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक प्लान…

By Ankita Published: 23 May 2024, 8:04 PM | Updated: 23 May 2024, 8:05 PM 1 min read

आपातकालीन वाहनों को छोड़कर नाहन में अन्य वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

HNN/ नाहन

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 मई 2024 यानि कल शुक्रवार को नाहन चौगान में जनसभा को संबोधित करेंगे। सिरमौर पुलिस की ओर से प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर ट्रैफिक प्लान जारी किया गया है।

प्रधानमंत्री की जनसभा के दौरान एक तरह से शहर पूरी तरह से बंद रहेगा और आपातकालीन वाहनों को छोड़कर शहर में अन्य वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी।

पुलिस द्वारा यहां जारी सूचना में कहा गया है कि शिमला , सोलन, जमटा और श्री रेणुका जी की तरफ से आने वाली रैली के वाहनों को आईटीआई नाहन-बीडीओ ऑफिस तक सवारियों को उतारने दिया जायेगा और वहां से वापस भेज दिया जाएगा।

इसके अलावा पांवटा साहिब और काला अंब की तरफ से आने वाली रैलियों के वाहनों को बस्ती चौक नाहन तक सवारी को उतारने के लिए आने दिया जाएगा और उसके बाद वापस भेज दिया जाएगा।

पुलिस के अनुसार पांवटा साहिब से चंडीगढ़ जाने वाले वाहन खजुरना-विक्रमबाग-कालाअम्ब सड़क का प्रयोग करें। वहीं चंडीगढ़-कालाअम्ब से पांवटा साहिब जाने वाले वाहन मोगीनंद, सैनवाला से दोसड़का-खजुरना मार्ग से होकर गुजर सकेंगे।

इसके अलावा शिमला-सोलन से पांवटा साहिब की तरफ जाने के लिए वाया चंडीगढ़-कालाअम्ब-सैनवाला-दोसड़का-खजुरना पुल मार्ग का उपयोग करें या सोलन-सराहां-बायला-धौलाकुआं मार्ग से होकर भी वाहन गुजर सकेंगे।

इस दौरान क्षेत्र से वाहनों की आवाजाही पर पाबंदी रहेगी और केवल आपात कालीन वाहनों की आवाजाही रहेगी। पुलिस ने आग्रह किया कि लोग समय से अपने आने-जाने का प्लान तैयार करें, ताकि किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।

Tags: