पुलिस की नशे के खिलाफ कार्यवाही जारी, अब युवक से पकड़ी चरस
HNN/ चंबा
जिला में पुलिस की नशे के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए एक युवक से चरस बरामद की है। मामले में पुलिस द्वारा पवन कुमार पुत्र ज्ञाना निवासी ग्राम खण्डेर डा. चरड़ा तहसील चुराह जिला चंबा उम्र 22 साल के खिलाफ पुलिस थाना डलहौजी में मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20 के अन्तर्गत मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी बनीखेत थाना डलहौजी की टीम ने नेशनल हाईवे चंबा-पठानकोट पर बैकुंठनगर के पास नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस की नजर सामने से पैदल ही आ रहे एक युवक पर पड़ी जिसने हाथ में बैग उठाया हुआ था। उक्त युवक ने जैसे ही पुलिस को देखा तो वह एकदम से घबरा गया और उसने बैग को झाड़ियों की तरफ फेंक दिया।
पुलिस ने जब शक के आधार पर फेंके गए बैग की तलाशी ली तो उसमें से 314 ग्राम चरस बरामद हुई। डीएसपी हेड क्वार्टर अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की यह कार्यवाही आगे भी जारी रहेगी।