Loading...

पुलिस के पीओ सेल ने ऋषिकेश से पकड़ा उद्घोषित आरोपी

PARUL • 25 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/मंडी

मंडी पुलिस के पीओ सेल ने उत्तराखंड के ऋषिकेश से एक उद्घोषित आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान राजू सिंह राणा पुत्र राम सिंह राणा निवासी गांव बड़खोला, डाकघर तल्ला रामगढ़, तहसील मुक्तेश्वर व जिला नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई है। पीओ सेल ने एक उद्घोषित आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सुंदरनगर के हवाले कर दिया है।

बता दें आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सुंदरनगर में लापरवाही से वाहन चलाकर घायल करने का मामला दर्ज किया गया था और मामला न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी कोर्ट नंबर-2 के समक्ष विचाराधीन था। ट्रायल के दौरान आरोपी न्यायालय से लगातार गैर-हाजिर रहा, जिसके चलते न्यायालय द्वारा उसे 6 नवम्बर, 2023 को उद्घोषित आरोपी घोषित कर दिया गया। जिसके बाद से पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

इस दौरान आरोपी कई बार पुलिस को चकमा देकर भाग जाता था। जिसके बाद पीओ सेल मंडी की टीम को अपराधी को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। पीओ सेल को आरोपी के ऋषिकेश में होने की सूचना मिली, जिसके बाद उसे ऋषिकेश के नए रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है।