पुलिस के हत्थे चढ़े 4 आरोपी, पिछले 3 सालों से ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को दे रहे थे अंजाम
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती ही जा रही है। चोरों ने अब ट्रांसफार्मर भी चोरी करने शुरू कर दिए हैं। इसी घड़ी में शिमला पुलिस के हत्थे चार आरोपी चढ़े हैं। आरोपी वर्ष 2020 से ट्रांसफार्मर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय मेहराजादीन, यशर हुसैन (27), फिरदोस अहमद (21) और शकील अहमद के तौर पर हुई है। आरोपी पड़ोसी राज्य जम्मू कश्मीर के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पिछले तीन सालों से ट्रांसफार्मर चोरी कर रहे थे। बता दें आरोपियों ने रोहड़ू, ठियोग और जुब्बल-कोटखाई में 10 जगह ट्रांसफार्मरों को चुराया था। जिसके बाद पुलिस को काफी शिकायतें मिली।
इसके बाद पुलिस ने आज इन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर चुराए गए ट्रांसफार्मरों को भी बरामद कर लिया है। मामले की पुष्टि एसपी संजीव गांधी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है।