पुलिस को जान से मारने की धमकी देने पर उपप्रधान के खिलाफ मामला दर्ज
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा के डमटाल में ग्राम पंचायत ठाकुरद्वारा के उपप्रधान के खिलाफ इंदौरा पुलिस ने ठाकुरद्वारा चौकी प्रभारी को जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। चौकी प्रभारी ने बताया कि उपप्रधान की ओर से शराब के नशे में हुड़दंग मचाने और मारपीट करने पर यह मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि उपप्रधान रात के समय नशे में धुत होकर पुलिस चौकी पहुंचा और आते ही वहां मौजूद कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगा।
इतना ही नहीं उसने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी। जिस समय उपप्रधान कर्मचारियों से गाली-गलौजकर रहा था, उस समय पुलिस चौकी ठाकुरद्वारा प्रभारी मनोहर लाल कमरे में खाना खा रहे थे। जिसके बाद जैसे ही चौकी प्रभारी उपप्रधान के पास आया तो वह उनके साथ मारपीट करने लगा और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। जिसके बाद चौकी प्रभारी मनोहर लाल ने तुरंत ही इसकी सूचना अपने उच्च अधिकारियों को दी।
जिस पर तुरंत कार्यवाही करते हुए थाना प्रभारी इंदौरा पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंची और आस-पास से साक्ष्य जुटाए। बता दें कि पुलिस ने आरोपी उपप्रधान के खिलाफ थाना इंदौरा में मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। जिला पुलिस नूरपुर के डीएसपी विशाल वर्मा ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।
वहीं इस संदर्भ में आरोपी उपप्रधान ने बताया कि मंड सनोर में किसानों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसलिए उन्होंने इस संदर्भ में पुलिस को सूचना दी थी लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद जब वह पुलिस चौकी गया तो एक-दूसरे के साथ बहस हो गई।