पुलिस ने चरस सहित धरा एचआरटीसी बस में सवार युवक
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताज़ा मामला रामपुर बुशहर के खेखर का है। यहां पुलिस ने एचआरटीसी की बस में सवार युवक को 44.33 ग्राम चरस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान अनुराग शर्मा निवासी गांव बरोगी, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कुमारसैन की टीम खेखर एनएच-पांच पर गश्त पर मौजूद थी।
इस दौरान उन्होंने लूहरी से डीब कुमारसैन की ओर जा रही एचआरटीसी की बस को जांच के लिए रोका। बस में उन्होंने शक के आधार पर एक युवक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 44.33 ग्राम चरस बरामद हुई। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।