HNN/मनाली
पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस ने पंजाब के एक युवक को 62.88 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृत पाल सिंह (24) पुत्र केवल सिंह निवासी गांव खालरा, तहसील पट्टी व जिला तरनतारन पंजाब के रूप में की गई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्यवाही अमल में लाई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम इलाके में गश्त पर तैनात थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति मनाली में गोंपा रोड के पास किराए के मकान में रहता है जोकि परचून में चिट्टा बेचने का काम करता है। पुलिस ने सूचना के आधार पर उक्त मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान युवक के कमरे से 62.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
जिसके बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार किया गया। डीएसपी केडी शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ की जाएगी कि वह ये चिट्टे की खेप कहां से लाया था।

