Loading...

पुलिस ने जंगल से दबोचा नेपाली व्यक्ति की हत्या का आरोपी

PARUL • 1 Apr 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

राजधानी शिमला में पुलिस थाना रोहड़ू के अंतर्गत अस्तानी गांव में एक नेपाली की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को कुछ दूरी पर जंगल से ही काबू कर लिया है। पुलिस के अनुसार स्थानीय निवासी खुशीराम पुत्र स्वर्गीय देवी सरण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शनिवार शाम करीब 5 बजे वह घर से अपने किसी निजी कार्य के चलते अस्तानी गांव आया था।

उसने बताया कि देर शाम लगभग 7 बजे जब वह अस्तानी से वापस अपने घर की ओर लौट रहा था तो जैसे ही वह सड़क से लगभग 10 मीटर दूर कच्ची सड़क पर पहुंचा तो देखा कि स्थानीय निवासी दिलाराम के पास काम करने वाला नेपाली मजदूर कमल का खून से लथपथ शव सड़क पर पड़ा हुआ था।

उसने बताया कि शव के पास देवेश खांगटा के पास काम करने वाला नेपाली रवि मौजूद था तथा उसने जैसे ही उसे आते देखा तो वह मौके से भाग कर ऊपर जंगल की ओर भाग गया। खुशीराम ने जोर-जोर से शोर मचाया जिस पर काफी संख्या में ग्रामीण घटना स्ल पर पहुंचे तथा हत्या की सूचना पुलिस को दी।

संदेह जताया जा रहा है कि आरोपी रवि नेपाली ने कमल नेपाली के सिर पर पत्थर से वार करके उसकी हत्या की। उधर, डीएसपी रोहड़ू रविंद्र नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।