पुलिस ने नशीली दवाइयों की खेप सहित धरा हरियाणा का व्यक्ति
किराए के कमरे में कर रहा था खरीद-फरोख्त का धंधा, पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्यवाही
HNN/ नाहन
जिला सिरमौर के पीपल वाला बिक्रमबाग में पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली गोलियों की खरीद फरोख्त का धंधा कर रहे एक प्रवासी व्यक्ति को काबू किया है। आरोपी की 39 वर्षीय हरपाल सिंह पुत्र राम निवास निवासी गांव कठवाड़ डा. ग्योंग जिला कैथल हरियाणा के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पीपल वाला बिक्रमबाग में प्रदीप कुमार उर्फ डिम्पल के मकान में किराए पर हरियाणा का एक व्यक्ति रहता है और वह कमरे में नशीली गोलियों की खरीद फरोख्त का धंधा करता है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम ने कमरे में दबिश दी। इस दौरान वहां से 2 काले रंग की पॉलीथीन बरामद हुई।
जिनको खोलकर चैक करने पर एक पॉलीथीन के अन्दर 09 पत्ते प्रतिबंधित नशीली गोलियां (Tramadol Prolonged release Tablets IP 100 mg) जिनके बैच नंबर हरे रंग से मिटाए हुए थे, जिनमें 08 पत्तों में 10/10 गोलियां व 01 पत्ते में 07 गोलियां (कुल 87) गोलियां बरामद हुई तथा दूसरे पॉलीथीन को खोलकर चैक करने पर 42 पत्ते (Alprazolam Tablets IP 0.5 mg) पाई गई, प्रत्येक पत्ते में 10/10 गोलियां कुल 420 गोलियां बरामद हुई।
मामले की पुष्टि डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे मामले की पूछताछ की जा रही है।
