पुलिस ने भुक्की के साथ काबू किया व्यक्ति
HNN/ऊना
जिला ऊना में मैहतपुर के तहत पेखूबेला में पुलिस ने एक व्यक्ति को 434.33 ग्राम भुक्की के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान अमरीक सिंह निवासी वार्ड-1 गांव व डाकघर जनकौर तहसील और जिला ऊना के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना मैहतपुर की टीम ने पेखूबेला में स्थित एक फैक्टरी के पास नाकाबंदी की हुई थी। तभी एक राहगीर जनकौर की तरफ से आया और पुलिस को देखकर घबरा गया। जिसके बाद वह सड़क के साथ लगते कच्चे रास्ते की ओर भागा। इस दौरान उसने अपने हाथ में पकड़ा पॉलीथीन झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस टीम ने शक के आधार पर आरोपी का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उसे काबू कर लिया। पुलिस की टीम ने जब उक्त पॉलीथीन की तलाशी ली तो उसमें से 434.33 ग्राम भुक्की बरामद हुई। एसपी ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।