पुलिस ने 1.106 किलो चरस सहित दबोचा पंजाब का व्यक्ति
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू में पुलिस थाना भुंतर के तहत पंजाब के एक व्यक्ति को पुलिस ने चरस की खेप सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान संदीप कुमार (40) पुत्र केवल कृष्ण निवासी गुरु गोविंद सिंह नगर, होशियारपुर, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, भुंतर पुलिस थाना की टीम सियूंड में नाकाबंदी पर तैनात थी। इस दौरान एक स्कूटर सवार मनिकर्ण की तरफ से आया। उसने जब सामने पुलिस टीम को देखा तो स्कूटर को रोक दिया तथा पीछे मोड़कर तेजी से स्कूटर को भगाने लगा तथा कुछ दूरी पर स्कूटर सहित गिरकर घायल हो गया।
जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर तलाशी तो स्कूटर से 1.106 किलोग्राम चरस बरामद की हुई। आरोपी को चोटिल होने व कुल्लू अस्पताल में दाखिल होने की सूरत में अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है।