पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने सीएम सुक्खू से की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने आनंद शर्मा को हिमाचली टोपी और शाल भेंट कर किया सम्मानित
HNN/ शिमला
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से उनके सरकारी आवास ओक ओवर में मुलाकात की और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने आनंद शर्मा को हिमाचली टोपी और शाल भेंट कर सम्मानित किया।
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए राहुल गांधी का निर्भीक अभियान केन्द्र सरकार के लिए एक बाधा है और राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराने के फैसले से उनकी आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के कुकर्मों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी। उन्होंने कहा कि देश में आने वाले चुनावों में जनता बीजेपी को करारा जवाब देगी। उन्होंने सभी विपक्षी दलों से लोकतंत्र को बचाने के लिए एकजुट होने का आग्रह किया।
इस मौके पर आनंद शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को संसद में बोलने का पूरा अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार ने उन्हें साजिश के तहत निशाना बनाया। आनंद शर्मा ने न्यायपालिका पर विश्वास जताते हुए कहा कि निचली अदालत का फैसला ऊपर की अदालत में नहीं टिकेगा और कांग्रेस पार्टी इसके खिलाफ राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।
