पेरिस ओलंपिक 2024 में नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर मेडल
पीएम मोदी, नीता अंबानी से लेकर एएफआई के अध्यक्ष तक ने दी बधाई
पेरिस ओलंपिक में जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने इतिहास रच दिया। बेहद रोमांचक मुकाबले में उन्होंने सिल्वर मेडल अपने नाम कर लिया। पेरिस ओलंपिक में ये भारत का पांचवां पदक है। नीरज लगातार 2 ओलंपिक के व्यक्तिगत इवेंट में गोल्ड और सिल्वर जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।
टोक्यो ओलंपिक 2020 के स्वर्ण पदक विजेता ने 89.45 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक जीता। ऐसा करने वाले वह आजाद भारत के पहले एथलीट बन गए। उनकी इस उपलब्धि पर बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
नीरज ट्रैक एंड फील्ड में दो ओलंपिक पदक जीतने वाले पहले भारतीय हैं। नीरज चोपड़ा के पदक जीतने पर रिलायंस फाउंडेशन की चेयरमैन नीता अंबानी, एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एएफआई) के अध्यक्ष आदिल सुमरिवाला और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी।