पेरिस से आ रहे विस्तारा के विमान में मिली बम होने की सूचना
हैंड रिटन लेटर मिलने के बाद क्रू मेंबर में मची खलबली, मुंबई एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग
फ्रांस की राजधानी पेरिस से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई आ रही विस्तारा की फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली है। इस बाबत हैंड रिटन लेटर मिलने के बाद क्रू मेंबर में खलबली मच गई। मुंबई एयरपोर्ट को इसकी तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद रविवार को 10:19 बजे मुंबई एयरपोर्ट पर विस्तारा फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
बता दें विमान में 294 यात्रियों के साथ चालक दल के 12 सदस्य सवार थे, सभी सुरक्षित हैं। पेरिस से मुंबई आ रही विस्तारा की फ्लाइट में बम होने की सूचना मिलते ही इसकी सूचना मुंबई एयपोर्ट को दी गई। जिसके बाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दिया गया। साथ ही फ्लाइट की इमर्जेंसी लैंडिंग कराई गई। दरअसल, फ्लाइट के एयर सिकनेस बैग में हैंड रिटन लेटर मिला।
इसमें फ्लाइट में बम होने की जानकारी लिखी थी। बम होने की जानकारी के बाद विमान की सेफ लैंडिंग कराई गई और सबसे पहले यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाला गया। गौर हो कि इससे पहले चेन्नाई से मुंबई और दिल्ली से वाराणसी जा रही फ्लाइट में भी बम होने की सूचना से खलबली मच गई थी। हालांकि, इन विमानों से ऐसा कुछ नहीं मिला था।