पैर फिसलने से कुएं में गिरा 53 वर्षीय व्यक्ति, मौत
HNN/कांगड़ा
जिला कांगड़ा में पुलिस थाना ज्वालामुखी के तहत लाहसन कोहाला गांव में एक व्यक्ति पैर फिसलने से कुएं में गिरा गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। मृतक की पहचान विजय कुमार (53) पुत्र स्व. सुभाष चंद निवासी लाहसन कोहाला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विजय कुमार बीते कल घर के नजदीकी कुएं पर पानी लेने गया था। इस दौरान अचानक ही वहां उसका पैर फिसला और वह कुएं में जा गिरा और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की खबर लगते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और व्यक्ति को कुएं से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल ज्वालामुखी ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए। जिसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया। जहां पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। डीएसपी ज्वालामुखी विकास धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने धारा 174 के तहत आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।