Loading...

प्रदेश की पहली स्वर्ण वाटिका कालका-शिमला एनएच पर होगी तैयार

Ankita • 17 Apr 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश की पहली स्वर्ण वाटिका कालका-शिमला नेशनल हाईवे पांच पर बनेगी। बता दे इसमें प्रदेशभर के सभी जिलों में उगने वाले अधिकतर फलदार और औषधीय पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए वन विभाग की ओर से कवायद चली हुई है। जल्द ही यहां पर फलदार और औषधीय पौधे लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा।

वन विभाग ने इस पार्क को तैयार करने के लिए छह माह का लक्ष्य रखा है। यह पार्क एचएच पर कोटी में बनाया जाएगा। इसके बाद यह स्वर्ण पार्क अक्तूबर में सैलानियों के लिए खोला जाएगा। इससे हिमाचल घूमने आ रहे पर्यटक पार्क में रुककर इसकी खूबसूरती निहार सकेंगे। साथ ही लगाए गए औषधीय और फलदार पौधों की जानकारी पर्यटकों को दी जाएगी।

इसके लिए प्रत्येक पौधे के पास पट्ट भी लगाया जाएगा और पौधे के बारे में उसमें लिखा जाएगा। वहीं, लोगों को पार्क में मुलभूत सुविधाएं देने का भी विचार किया जा रहा है। कालका-शिमला एनएच पर सुहाने सफर के साथ पर्यटकों के लिए हिमाचल की वादियों को निहारने और आराम के लिए पार्कों का निर्माण किया जा रहा है।

हाईवे पर दत्यार, कोटी, चक्कीमोड़ और शमलेच में चार छोटे और बड़े पार्क बनाए गए हैं। इनमें से दत्यार के पास एक पार्क तैयार होने के बाद लोगों के लिए खोल दिया गया है। कोटी में बन रहे पार्क का रखरखाव वन विभाग करेगा। इसके लिए कार्य किया जा रहा है। पार्क बनाने से पहले यहां पर मिट्टी डंप की जाती थी, लेकिन अब फोरलेन का कार्य पूरा हो गया है। अब इसे पार्क में बदला जा रहा है।