प्रदेश में एक नेशनल हाईवे सहित 214 सड़कें बंद, 218 बिजली ट्रांसफार्मर ठप
इन पांच जिलों में बाढ़ आने की संभावना…..
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में आज मौसम खराब बना हुआ है। इसके साथ ही कई भागों में भारी बारिश जमकर अपना कहर बरपा रही है। वहीं जगह जगह भूस्खलन का सिलसिला भी जारी है। प्रदेश में सैंकड़ों मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़े हुए है। शिमला, मंडी, कुल्लू व सिरमौर जिले में सबसे अधिक सड़कें बंद है। मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश में एक नेशनल हाईवे सहित 214 सड़कें वाहनों की आवाजाही के लिए बंद पड़ी हुई है। जिला किन्नौर के निगलुसरी में एनएच पांच पर भूस्खलन का सिलसिला थम नहीं रहा है। यहां पहाड़ी लगातार दरक रही है। इससे सोमवार रात से यातायात पूरी तरह से ठप है। इसके अलावा मंगलवार सुबह 10:00 बजे तक राज्य में 218 बिजली ट्रांसफार्मर ठप थे। इसके साथ ही 131 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित है।
उधर, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बाढ़ का आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई भागों में आगामी एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहने के आसार है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।