Loading...

प्रदेश में चिकित्सकों के 200 और नर्सों के भरे जाएंगे 700 पद- धनीराम शांडिल

Ankita • 16 Apr 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों की कमी जल्द पूरी होगी। सरकार जल्द चिकित्सकों के 200 और नर्सों के 700 पदों पर जल्द भर्ती करेगी।

प्रदेश में रेडियोलॉजिस्ट की कमी दूर करने के लिए कुछ महीनों में मौजूदा एमबीबीएस चिकित्सकों के छह-छह बैच बनाकर उन्हें छह-छह हफ्ते के रिफ्रेशर कोर्स करवाए जाएंगे।

इससे सिविल अस्पतालों में उपलब्ध अल्ट्रासाउंड समेत अन्य उपकरण भी संचालित किए जा सकेंगे। भाजपा के ऑपरेशन लोट्स के सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि महज मीडिया में बने रहने के लिए भाजपा नेता इस तरह के शिगूफे छोड़ते रहते हैं।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार मुस्तैदी से रात-दिन काम कर रही है। खराब वित्तीय स्थिति से गुजरने के बावजूद सरकार दस गारंटी योजनाओं को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा कि ओपीसी लागू हो चुकी है। महिलाओं को जल्द 1500-1500 रुपए मिलेंगे।

मुख्यमंत्री, मंत्री और नौकरशाह सभी गारंटियों और वायदों को पूरा करने में लगे हैं। प्रदेशभर में हर मुख्य अस्पताल के समीप हेलिपैड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमकेयर योजना जारी रहेगी। इसमें पांच लाख रुपए तक उपचार निशुल्क है।