प्रवासी मजदूरों की झुग्गियां चढ़ी आग की भेंट, लाखों का नुक्सान
HNN/ ऊना
जिला ऊना के अद्यौगिक क्षेत्र टाहलीवाल के तहत बाथड़ी स्थित प्रतीका उद्योग के समीप प्रवासी मजदूरों की झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गई। आगजनी की इस घटना में सभी प्रवासी मजदूरों को लाखों का नुक्सान हुआ है। हालांकि झुग्गियों में आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाथड़ी स्थित प्रतीका उद्योग के समीप प्रवासी मजदूरों की करीब 40 झुग्गियों में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सारी झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। जब मजदूरों ने झुग्गियों से आग की लपटें उठती देखी तो उन्होंने इसकी सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
गनीमत यह रही कि जिस समय झुग्गियों में आग लगी उस समय अंदर कोई भी मौजूद नहीं था। बता दे इस अग्निकांड में सभी मजदूरों को करीब चार लाख का नुक्सान हुआ है। मामले की पुष्टि डीएसपी हरोली अनिल पटियाल ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।