प्राध्यापक से पिता का दोस्त बनकर किया ठगी का प्रयास
HNN/कुल्लू
हिमचाल प्रदेश में ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताज़ा मामला जिला कुल्लू से सामने आया है जहां कुल्लू काॅलेज के एक प्राध्यापक को शातिर ने अपना निशाना बनाया। बता दें कि मामला 24 सितंबर है जब प्राध्यापक डाॅ. अवधेश कुमार यादव को बिहार से 92348-78320 नंबर से फोन आया। फ़ोन पर शातिर ने कहा कि वह आपके पिता के दोस्त हैं और उनसे मैंने 5,000 रुपए उधार लिए थे। अब इस राशि को वापिस करना है।
शातिर ने कहा कि वह यह राशि गूगल-पे के माध्यम से भेज रहा है। अवधेश कुमार ने बताया कि शातिर ने उसे 10,000 रुपए भेजे और दुबारा फ़ोन किया और कहा कि उसने गलती से 10,000 रुपए की पेमेंट कर दी है जबकि आपके पिता से 5,000 रुपए ही लिए थे। जिसके बाद शातिर ने उसे 5,000 रुपए वापिस करने को कहा।
लेकिन प्राध्यापक अवधेश कुमार शातिर के इरादों को समझ गया और उसने पुलिस में शिकायत करने की बात कही। यह सुनते ही शातिर ने फ़ोन काट दिया। जिसके बाद प्राध्यापक ने पुलिस को भी इस बाबत बताया। मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा द्वारा की गई है।
उन्होंने कहा कि साइबर ठगी को लेकर शातिर कई तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। किसी भी अनजान लिंक को न खोलें, किसी मैसेज पर विश्वास न करें। अगर किसी तरह का शक है तो पुलिस की मदद लें।