प्रियंका गांधी का ऐलान- पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम होगी बहाल, पांच लाख रोजगार….
HNN/ मंडी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के गृह जिला मंडी में प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज चुनावी हुंकार भरी। प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी और सरदार वल्लभ भाई पटेल को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद अपना भाषण शुरू किया। इस दौरान उन्होंने मंच से उपस्थित जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने के लिए प्रदेश के कर्मचारियों ने भाजपा सरकार से कई बार गुहार लगाई मगर उनकी मांगे नहीं मानी गई।
उन्होंने बताया सरकार ने कर्मचारियों के साथ हमेशा धोखा ही किया है। ऐसे में कांग्रेस की सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन स्कीम बहाल की जाएगी। उन्होंने कहा, पांच साल में पांच लाख रोजगार देंगे और 1 लाख पदों पर नियुक्ति होगी। 680 करोड़ का स्टार्ट अप फंड, जीरो फीसदी ब्याज पर लोन देंगे। इस दौरान प्रियंका गांधी ने 10 गारंटियां गिनाईं।
कहा कि, हिमाचल प्रदेश का जब गठन हो रहा था तो कई लोगों ने विरोध किया। कई कहते रहे पहाड़ी प्रदेश नहीं चलेगा। इंदिरा गांधी और यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश बनाया। यहां समर्पण की परंपरा है। हिमाचल के लोगों में खुदारी है, परंपरा बनाई है उसे नहीं बदल सकते। जो पांच-पांच साल वाली सरकार बदलने की परंपरा बनाई है वो बड़ी अच्छी है। नेताओं को अपनी सच्चाई का पता चलता है।