Loading...

प्रोटेक टेलिंक्स फार्मा फैक्ट्री में दीवार तोड़कर पहाड़ से आए भारी मलबे ने मचाई तबाही

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन 19 Aug 2025 Edited 19 Aug Quick read

काला अंब औद्योगिक क्षेत्र में स्थित प्रोटेक टेलिंक्स फार्मा फैक्ट्री भारी मलबे की चपेट में आ गई। इस हादसे में फैक्ट्री की दीवारें टूट गईं और लाखों रुपये का पैकेजिंग मैटेरियल बर्बाद हो गया।

काला अंब

मलबे ने तोड़ी फैक्ट्री की दीवारें

सुकेती पंचायत के मोगीनाथ पटवार हल्के में स्थित फैक्ट्री के पीछे की पहाड़ी दरकने से मलबा सीधे गोदाम की ओर आया। रिटेनिंग वॉल और गोदाम की दीवारें टूट गईं, जबकि पैकेजिंग मैटेरियल पूरी तरह नष्ट हो गया। प्लांट हेड विजय शर्मा ने बताया कि नुकसान 35 से 40 लाख रुपये तक पहुंच गया है।

गनीमत रही कि जनहानि नहीं हुई

मलबे के आने के समय गोदाम साइड पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। हालांकि, पहाड़ से आए पत्थरों और मलबे का दबाव इतना अधिक था कि फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में भी दरारें आ गईं। मौके पर अभी भी मलबे का रिसाव जारी है।

अन्य फैक्ट्री मालिकों में डर का माहौल

घटना स्थल के आसपास कई अन्य फैक्ट्रियां भी मौजूद हैं। इस हादसे के बाद उद्योगपतियों में डर है कि आने वाले दिनों में लगातार मलबा गिरने का खतरा बना रहेगा।

प्रशासन की ओर से कार्रवाई

एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं मिली थी। हालांकि, संबंधित हल्का पटवारी को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।