फर्जीवाड़ा: चार इंजीनियरों सहित 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
HNN/ कुल्लू
जिला कुल्लू में चार इंजीनियरों सहित सात लोगों पर फर्जीवाड़ा करने का आरोप लगा है। आरोपियों ने दो भाइयों द्वारा ली गई जमीन पर मुआवजे के लिए फर्जी मकान दिखाया है।
आरोपियों की पहचान सेवानिवृत इंजीनियर पीके टंडन, सेवानिवृत इंजीनियर केएल हंगल, सेवानिवृत इंजीनियर डीके जम्वाल, गौरव कपूर, गुंजन कपूर, राधे श्याम सहित मकान का मूल्यांकनकर्ता निजी इंजीनियर बीडी गुप्ता के रूप में हुई है।
आरोपियों के खिलाफ कुल्लू विजिलेंस थाना में आईपीसी की धारा 420,120 बी और धारा 13 (2) पीसी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2007 से 2009 में सैंज जलविद्युत परियोजना (एसएचईपी) के निर्माण के दौरान गौरव कपूर और गुंजन कपूर की ओर से खरीदी गई भूमि के टुकड़े पर घर दिखाकर 15,22,051 रुपये का मुआवजा प्राप्त किया गया है।
इसमें तीन इंजीनियर एचपीपीसीएल और एक निजी इंजीनियर था। इन्होंने इस मकान की वेल्यू लगाई थी। इसकी शिकायत विजिलेंस को 2014 को मिली थी और सरकार से इसकी अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अब सरकार ने इसकी मंजूरी दी है। डीएसपी विजिलेंस कुल्लू अजय कुमार ने मामले की पुष्टि की है।