फेसबुक पर भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष को जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज
HNN/शिमला
भीम आर्मी हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष रवि कुमार को फेसबुक पर जान से मारने की धमकी मिली है। भीम आर्मी के राज्य सचिव ने शिमला के ढली थाने में शिकायत की है और पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक़ आरोपित ने रवि कुमार पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया और जानबूझकर सार्वजनिक रूप से उन्हें बदनाम भी किया। जिससे उनकी और अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 3(1)(आर), 3(1)(यू), 3(2)(वीए) एससी एंड एसटी एक्ट व 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।