बंजार में 9 दुकानों सहित 3 रिहायशी मकान चढ़े आग की भेंट, करोड़ों की सम्पत्ति जलकर राख
HNN/ कुल्लु
जिला कुल्लु की बंजार विधानसभा के नगर पंचायत बंजार के पुराने बस अड्डे में भीषण अग्निकांड हुआ। इस अग्निकांड में 9 दुकानों के ऊपर बने 3 रिहायशी मकान जल कर राख हो गए। हालांकि आग किन कारणों से लगी थी इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। वहीं अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया था।
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 2 बजे नगर वासी गहरी नींद में सोए हुए थे। इस दौरान अचानक ही आग पुराने बस अड्डे में काठ कुणी से बने मकानों में लगी, जिसमें 9 दुकानों सहित 3 मकान जलकर राख हो गए। इसी दौरान रात्रि गश्त पर तैनात होमगार्ड के प्लाटून कंमाडर चंदर सिंह ,वीरभद्र सिंह द्वारा घटना की सूचना अग्निशमन विभाग सहित पुलिस विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हालांकि गनीमत यह रही कि इस अग्निकांड में किसी तरह का कोई जान माल का नुक्सान नहीं हुआ है। वहीं इस अग्निकांड में करोड़ों की संपत्ति जलकर राख हो गई है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।