बद्दी में दो रोगियों की खून की जांच में पाए गए डेंगू के लक्षण, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ अब बीमारियां भी दस्तक देने लगी है। बता दें जिला सोलन के बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में निजी अस्पताल में दो रोगियों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। हालांकि अभी उनके एलिजा टेस्ट की रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही इसके बारे में कुछ कहा जा सकेगा। आशा वर्कर और स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं।
लोगों से अपील की जा रही है कि वे अपने कूलर, गमलों व छत के ऊपर पानी जमा न होने दें। दो लोगों में डेंगू के लक्षण आने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। उक्त रोगियों को एहतियात के तौर पर जरूरी दवाएं दे दी गई हैं। नगर परिषद ने भी संबंधित क्षेत्रों में फॉगिंग करवा दी है। बीबीएन में भारी बारिश के बाद जगह-जगह पानी जमा हो गया है, जिससे डेंगू का मच्छर पनपना होना शुरू हो गया है।