बद्दी में फर्जी पुलिस बनकर लूटपाट का मामला , दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
बद्दी
धक्का-मुक्की कर नकदी छीनने वाले आरोपी की हुई गिरफ्तारी, पहला आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है
पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत फर्जी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 13 अप्रैल को हुई पहली गिरफ्तारी के बाद की गई है, जब इस लूट की जांच में तेजी लाई गई थी।
पहले आरोपी की गिरफ्तारी 13 अप्रैल को हुई थी
इस मामले में शिकायतकर्ताओं ने बताया था कि दो लोगों ने पुलिस की वर्दी पहनकर उनसे जबरन धक्का-मुक्की की और नकदी छीन ली। इस शिकायत पर कार्यवाही करते हुए पुलिस ने पहले आरोपी फतेह सिंह, निवासी राणी माजरा, तहसील माजरी, जिला मोहाली को गिरफ्तार किया था।
अब दूसरा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में
अब पुलिस ने दूसरे आरोपी राजवीर सिंह उर्फ हरमन, पुत्र जगदीश राम, निवासी मालवा, जिला अंबाला (हरियाणा), वर्तमान निवासी मढ़ावाला, तहसील कालका, जिला पंचकूला को भी गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों ने वर्दी का गलत इस्तेमाल कर की वारदात
इन दोनों आरोपियों ने पुलिस वर्दी का गलत इस्तेमाल करते हुए लोगों को भ्रमित किया और जबरन नकदी लूट ली। मामले की जांच को गंभीरता से लेते हुए पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी।
एएसपी बद्दी अशोक वर्मा ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।