बर्फ से ढके हिमाचल के पहाड़, सैलानियों की आमद बढ़ने से कारोबारी उत्साहित
HNN/ कुल्लू
हिमाचल प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते प्रदेश के पहाड़ बर्फ से लकदक हो चुके हैं। पहाड़ों पर बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है जो कि सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। पहाड़ों पर हो रही बर्फ़बारी के बाद मनाली में पर्यटकों की भी आमद बढ़ने लगी है। खासतौर पर हिमाचल प्रदेश के कुल्लू-मनाली घूमने आने वाले पर्यटक अटल टनल रोहतांग पहुँच रहे है। सैलानी बर्फीले पहाड़ों को खूब निहार रहे है।
कोकसर, चंद्रा घाटी, सिस्सू समेत अन्य क्षेत्रों में भी पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों को पर्यटक अपने कैमरे में कैद कर रहे है। रविवार को सैलानी स्कीइंग, ट्यूब स्लाइडिंग का लुत्फ उठाते नजर आये। पर्यटकों ने कहा, इस अद्भुत नजारे को पहली बार देखा। अटल टनल रोहतांग को देखने की उन्हें काफी इच्छा थी। यह किसी जन्नत से कम नहीं है। वे इस नजारे को देखने के लिए एक बार फिर लाहौल की वादियों में लौटेंगे।
उधर, सैलानियों की आमद बढ़ने से होटल कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। जुलाई से अक्तूबर तक पर्यटक कम संख्या में लाहौल पहुंचे, लेकिन अब ताजा बर्फबारी होने से संख्या में बढ़ोतरी हुई है। रविवार को भी भारी संख्या में पर्यटकों ने मनाली का रुख किया है जिससे होटलों में भी कारोबार बढ़ा है।