बहराल बैरियर पर दिल्ली नंबर की गाड़ी से बरामद हुई शराब की बोतलें, चालक के खिलाफ मामला दर्ज
HNN / पांवटा
पांवटा पुलिस ने एक बार फिर बहराल बैरियर पर दिल्ली नंबर की एक गाड़ी से अवैध शराब और बीयर की 23 बोतलें बरामद की हैं। चालक की पहचान अर्जुन (32) निवासी मकान संख्या 6बी सहीगांव डाक घर शालीमार दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बहराल बैरियर पर पुलिस टीम ने नाका लगाया हुआ था। जांच के दौरान गाड़ी नंबर (डीएल8सीएबी-4289) को तलाशी के लिए रुकवाया गया। तलाशी के दौरान गाड़ी की डिक्की में शराब मिली। इसमें 11 बोतलें अंग्रेजी शराब और 12 बोतलें बीयर (फॉर सेल इन हरियाणा ओन्ली ) बरामद हुईं। इस शराब को लेकर चालक कोई भी लाइसेंस व परमिट पुलिस के समक्ष पेश नहीं कर सका।
जिसके चलते पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।