बाइक और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर, 2 युवकों की गई जान
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश में आए दिन कई दर्दनाक सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। मामला जिला कांगड़ा में नूरपुर के निकट बौढ़ में डिफेंस रोड का है, यहां बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान अंचित चौधरी (20) और सौरभ चौधरी (25) निवासी भुगनाड़ा (नूरपुर) के रूप में हुई है। आज दोनों का पोस्टमार्टम करवा कर शवों को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं पुलिस भी हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इस दौरान डिफेंस रोड पर घने कोहरे के कारण बाइक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मामले की पुष्टी डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने की है।