बाइक सवार अज्ञात युवकों ने कार चालक पर की हवाई फायर, मामला दर्ज
HNN/बिलासपुर
जिला बिलासपुर के बैहल इलाके में एक कार चालक पर हवाई फायर की गई है। जिसके बाद कार चालक द्वारा पुलिस थाना कोट कहलूर में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक आरोपी का कोई पता नहीं चला है। शिकायतकर्ता की पहचान विजय कुमार निवासी बैहल, तहसील श्री नयनादेवी जी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन मंगलवार की रात करीब 10:00 बजे विजय कुमार कार से घर लौट रहा था जैसे ही वह अपने घर के नजदीक पहुंचा उसने देखा कि सड़क के किनारे खड़ी एक बाइक पर सवार तीन युवक उसे रुकने का इशारा कर रहे थे। जैसे ही विजय ने कार रोकी और शीशा खोलने लगा तो बाइक पर सवार एक युवक ने कहा कि यही विजय है।
जिसके बाद उसने तुरंत ही शीशा बंद किया और कार लेकर भाग गया। विजय ने बताया कि जब वह कार लेकर थोड़ी आगे पहुंचा तो उसे गोली चलने की आवाज़ सुनाई दी। ऐसा लगा जैसे उन लोगों ने हवाई फायर किया है। हालांकि उसे किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
इस वारदात के बाद विजय द्वारा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और पुलिस को इस घटना की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। मामले की पुष्टि विक्रांत बोन्सला डीएसपी श्री नयनादेवी द्वारा की गई।