Loading...

बागवान बाहरी राज्यों में बेच रहे सेब, मंडियों में कम आमद

NEHA • 8 Sep 2024 • 1 Min Read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश के बागवान इस सीजन में बाहरी राज्यों में अधिक सेब बेच रहे हैं। इसके पीछे की वजह हिमाचल की मंडियों में सेब की कम आमद है। बागवान हिमाचल की मंडियों में सेब बेचने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।शिमला सहित पराला व नारकंडा की मंडियों में सेब दर के हिसाब से बिक रहे हैं, जिसे बागवान पसंद नहीं कर रहे हैं। इसके उलट, पिंजौर व चंडीगढ़ की मंडी में सेब गड के हिसाब से बिक रहा है, जिसमें बागवानों को लाभ होता है।

इस कारण बागवान पिंजौर व चंडीगढ़ सेब लेकर जा रहे हैं। गत दिन पिंजौर मंडी में करीब 1 लाख सेब की पेटियां बिकने के लिए पहुंचीं। इसके अलावा, शिमला जिला की मंडियों में सेब के दाम में भी गिरावट आई है।भारी बारिश के कारण शनिवार को ढली मंडी में कम मात्रा में सब्जी पहुंची। इससे मंडी में किसानों को गत दिन की अपेक्षा अच्छे रेट मिले। बंद गोभी, शिमला मिर्च प्रति किलो गत दिन की अपेक्षा 10 से 30 रुपए अधिक दाम पर बिकी।

फागू के किसान श्याम सिंह ने कहा कि इस बार पहले गर्मी तथा अब बरसात के कारण फसलें खराब हुई हैं। इसके अलावा हर वर्ष लागत भी बढ़ रही है, लेकिन दाम अधिक नहीं मिल रहे हैं। इससे नुक्सान उठाना पड़ रहा है।