बाग पशोग व हरोली पंचायत प्रधान को दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए विशेष निमंत्रण
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर इन पंचायत प्रधानों को राष्ट्रपति पुरस्कार से किया जा चुका है सम्मानित
HNN/ नाहन
हिमाचल प्रदेश की दो महिला पंचायत प्रधानों को जल संरक्षण में बेहतर कार्य करने के लिए केंद्रीय जलशक्ति मंत्रालय की ओर से दिल्ली में लाल किला पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। जिला सिरमौर के बाग पशोग पंचायत की प्रधान राजेश्वरी शर्मा तथा ऊना जिला के हरौली पंचायत प्रधान रमन कुमारी को जलशक्ति मंत्रालय की ओर से विशेष आमंत्रित किया गया है।
बता दें कि दोनों पंचायतों में जल संरक्षण सहित अपनी अपनी पंचायत में बेहतर कार्यों के लिए दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय स्वतंत्रता समारोह देखने के लिए विशेष तौर पर आमंत्रित किया गया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जलशक्ति मंत्रालय की ओर से इन दोनो पंचायत प्रधानों सहित पांच महिला प्रधानों को सम्मानित किया जा चुका है।
हिमाचल प्रदेश सरकार की और से भी राजेश्वरी शर्मा को स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 के लिए चयनित किया था। इसी तरह विश्व जल दिवस पर भी प्रदेश सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह व उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री द्वारा भी बाग पशोग पंचायत को जल जीवन मिशन के तहत बेहतर प्रदर्शन के लिए, जल हे तो जीवन है व हर घर नल, हर घर जल के लिए शिमला में प्रशस्तिपत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया है।
राजेश्वरी शर्मा पिछ्ले 30 वर्षो से जनसेवा में सक्रिय है और कांग्रेस पार्टी से जुड़ी हुई है। पिछले दस वर्षो से प्रदेश महिला कांग्रेस के सचिव के पद पर कार्यरत है। हाल ही में हिमाचल प्रदेश सरकार ने राजेश्वरी शर्मा को उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए प्रदेश सरकार के महिला कल्याण बोर्ड में सदस्य नियुक्त किया है। वह लगातार दस वर्ष तक जिला परिषद सिरमौर की सदस्य व उपाध्यक्ष रही व अब ग्राम पंचायत बाग पशोग की प्रधान है। इस अवसर पर उनके पति इंद्र दत शर्मा जो कि भूतपूर्व सैनिक भी है, को भी आमंत्रित किया गया है।