बाबा डेरा रुद्रानंद में माथा टेकने आई महिला के गहनों पर हाथ साफ, अचानक पीछे से…
HNN / ऊना
जिला मुख्यालय के साथ लगते बाबा डेरा रूद्रानंद में कतार में खड़ी एक महिला के गहनों पर दो लोगों ने हाथ साफ किया। हालांकि लोगों की मदद से एक व्यक्ति को तो पकड़ लिया गया जबकि दूसरा व्यक्ति सोने की बालियां लेकर फरार हो गया। वही महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला प्रवीण कुमारी निवासी नारी, डेरा बाबा रुद्रानंद में माथा टेकने आई हुई थी। यहां जब वह लाइन में लगी हुई थी तभी अचानक पीछे से एक व्यक्ति आया और उसके कान से सोने की बालियां छीन कर भागने लगा। इसी दौरान जैसे ही महिला उसका पीछा करने लगी, अचानक दूसरा व्यक्ति पीछे से आया और उसने महिला को धक्का दे दिया।
महिला के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर दर्शन करने आए श्रद्धालुओं ने एक व्यक्ति को तो पकड़ लिया। जबकि दूसरा व्यक्ति छीनी हुई बालियों को लेकर भाग निकला। पकड़े गए आरोपी की पहचान अक्षय के रूप में हुई है जो पंजाब का रहने वाला है।